चोरगलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 बाइकें सीज

चोरगलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 बाइकें सीज
Spread the love

नैनीताल। नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस ने संदिग्ध वाहन चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 35 बाइकों को सीज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया हरपाल सिंह के नेतृत्व में चोरगलिया क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने चेकिंग और पैदल गश्त के दौरान उन बाइक चालकों को चिन्हित किया जो पहचान छुपाने के उद्देश्य से बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट हटाकर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे और हुड़दंग मचा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान चौकी कुंवरपुर क्षेत्र से 15 बाइकें सीज की गईं, जिनमें से 6 बाइकें वर्तमान में चौकी परिसर में निरुद्ध हैं। वहीं थाना चोरगलिया क्षेत्र से 20 बाइकें सीज की गईं, जिनमें से 12 बाइकें अभी भी थाने में खड़ी हैं।

पुलिस ने अभिभावकों की भूमिका पर भी चिंता जताई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई मामलों में बच्चे बिना नंबर प्लेट वाली बाइकें घरों में खड़ी करते हैं, लेकिन परिजन इस पर आपत्ति नहीं जताते। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या अपराध का कारण बन सकती है।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सड़क पर अराजकता फैलाने वाले और पहचान छुपाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles