मसूरी में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने को ट्रेडर्स एसोसिएशन ने दिए 25 अहम सुझाव
देहरादून। मसूरी ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने मसूरी और लंढौर क्षेत्र में बढ़ती यातायात एवं पार्किंग समस्याओं के समाधान के लिए पर्यटन विभाग को 25 महत्वपूर्ण सुझाव भेजे हैं। यह सुझाव उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा मसूरी में पार्किंग और ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर आमंत्रित सुझावों के क्रम में दिए गए हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि लंढौर कैंट क्षेत्र में लाल टिब्बा, सिस्टर बाजार, चार दुकान से मलिंगार तक सड़क चौड़ीकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। साथ ही लंढौर में कम से कम 300 वाहनों की नई पार्किंग बनाने, वन-वे व्यवस्था लागू करने तथा सिस्टर बाजार से जबरखेत रोड तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में मसूरी और लंढौर के विभिन्न क्षेत्रों में मल्टीलेवल पार्किंग, मोहल्ला पार्किंग और स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। एसोसिएशन ने होटल हिमालय कैसल, साउथ रोड, बेकरी हिल, मलिंगार और नॉर्थ रोड स्थित नगर पालिका भूमि पर पार्किंग निर्माण का सुझाव दिया।
इसके अलावा रोड साइड पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, टैक्सी वाहनों के लिए अलग बहुमंजिला पार्किंग बनाने तथा निजी भूमि मालिकों को छोटी पार्किंग विकसित करने की अनुमति देने की मांग भी रखी गई।
एसोसिएशन ने कहा कि मसूरी में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए किताबघर और मासोनिक लॉज बस स्टैंड का चौड़ीकरण जरूरी है। साथ ही रेंटल दोपहिया वाहनों के लिए नीति बनाने और जिला प्रशासन, नगर पालिका एवं स्थानीय निवासियों की संयुक्त समिति गठित कर नियमित समाधान निकालने का सुझाव भी दिया गया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि नगर पालिका, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग को समन्वय बनाकर शीघ्र ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि पर्यटन सीजन में मसूरी को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

