रुड़की नशा मुक्ति केंद्र हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया

रुड़की नशा मुक्ति केंद्र हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया
Spread the love

रुड़की। कोतवाली रुड़की पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में हुई युवक की हत्या का खुलासा करते हुए एक नाबालिग को संरक्षण में लिया है। मृतक की पहचान आशीष के रूप में हुई है, जिसका शव ढंडेरी ख्वाजगीपुर स्थित अनमोल जीवन समिति नशा मुक्ति केंद्र में मिला था।

पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि हत्या केंद्र में रह रहे एक 15 वर्षीय नाबालिग द्वारा की गई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मृतक अक्सर उसके साथ गाली-गलौज करता था और मारपीट की धमकी देता था, जिससे परेशान होकर उसने स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर दिया।

मामले में वादी नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर, कोतवाली लक्सर की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मु0अ0सं0 202/2026 धारा 103/3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, अपर उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राठी, हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता, हेड कांस्टेबल नूर मलिक तथा कांस्टेबल लईक अहमद शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles