केदारनाथ हैलीपैड के पास बीमार हुई महिला तीर्थयात्री की उत्तराखण्ड पुलिस ने बचाई जान
‘112’ सेवा पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाकर महिला श्रद्धालु को पहुंचाया अस्पताल, परिजनों ने जताया आभार
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए सदैव तत्पर उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की है। आपातकालीन सेवा ‘112’ के माध्यम से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक बीमार महिला तीर्थयात्री को समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
जानकारी के अनुसार आज 17 मई 2026 को ‘112’ हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ हैलीपैड कैंटीन के समीप एक महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत अत्यधिक बिगड़ गई है। बीमार महिला की पहचान श्रीमती वर्षा देवी (57 वर्ष) पत्नी श्री संदीप कुमार निवासी शाहगंज, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई, जो अपने परिजनों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंची थीं।
सूचना मिलते ही ‘112’ सेवा में तैनात हेड कांस्टेबल सुशील थपलियाल, कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल अनुज कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद महिला की तबीयत में सुधार हुआ।
इसके बाद पुलिस टीम ने महिला श्रद्धालु को उनके परिजनों के साथ सुरक्षित गौरीकुण्ड के लिए रवाना किया। उत्तराखण्ड पुलिस की त्वरित सहायता, सेवाभाव और संवेदनशील कार्यशैली से प्रभावित महिला और उनके परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

