ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद किया है। मामले में पोक्सो एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार वादी दिलीप कुमार निवासी मीनाक्षीपुरम थाना सिडकुल, हरिद्वार ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 166/26 अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया था। मामले की विवेचना उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा द्वारा की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर, लोकेशन और मोबाइल सिम आईडी का विश्लेषण किया। जांच में मोबाइल की लोकेशन न्यू माधोपुरी, लुधियाना (पंजाब) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी शैलेंद्र को हिरासत में लेकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेंद्र पुत्र मोलईराम निवासी ग्राम ओरिल पट्टी थाना पवई जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा और कांस्टेबल दीपक दानू शामिल रहे।

