जनसुनवाई में डीएम मयूर दीक्षित सख्त, 72 शिकायतों में 38 का मौके पर निस्तारण

जनसुनवाई में डीएम मयूर दीक्षित सख्त, 72 शिकायतों में 38 का मौके पर निस्तारण
Spread the love

हरिद्वार। मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 72 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, सड़क और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। शिकायतकर्ताओं ने ग्राम सभा भूमि से कूड़ा हटाने, गुलाबी राशन कार्ड बनाने, ध्वनि प्रदूषण, भूमि पैमाइश, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क मरम्मत और जलभराव जैसी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

ग्राम रोहालकी किशनपुर के निवासियों ने ग्राम सभा भूमि पर पड़े कूड़े-कचरे को हटाने की मांग की, जबकि सैनिक कॉलोनी पथरी रेलवे स्टेशन निवासी प्रवीण शर्मा ने क्षेत्र में चल रहे ट्रक-डंपरों से हो रहे ध्वनि एवं धूल प्रदूषण की शिकायत दर्ज कराई। वहीं आत्मलपुर बौंगला निवासी नरेश कुमार शर्मा ने भूमि पैमाइश कराने की मांग उठाई। ग्राम पंचायत सजनपुर पीली की प्रधान रूबी देवी ने सड़क किनारे झाड़ियों और गंदगी की सफाई कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करें।

उन्होंने कहा कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में आ रही हैं, उन पर अधिकारी गंभीरता से कार्यवाही करें। यदि शिकायतकर्ता दोबारा वही समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 36 दिनों से लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 557 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह, उप जिलाधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,अधिशासी अभियंता लोनिवि डी पी सिंह,जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,जिला आपदा अधिकारी मीरा रावत,जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरूंग,अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल रवि कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पॉल सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles