चारधाम यात्रियों को शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी तेज

चारधाम यात्रियों को शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी तेज
Spread the love

हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान तीर्थ यात्रियों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम द्वारा मां चण्डी देवी मंदिर परिसर एवं आसपास स्थित छह कैंटीनों और ढाबों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए तैयार खाद्य पदार्थ और खाद्य तेल सहित कुल दो नमूने लिए गए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर स्थित अंजनी देवी जलपान गृह को खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा प्रदर्शन बोर्ड प्रदर्शित न करने पर मौके पर नोटिस जारी किया गया। संचालक को एक दिन के भीतर खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत करने और प्रदर्शन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। निर्देशों का पालन न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत न्यायालय में वाद दायर करने की चेतावनी दी गई है।

विभागीय टीम ने सभी ढाबा संचालकों को कूड़े के उचित निस्तारण, खाद्य पदार्थों को ढककर बेचने, ढक्कनयुक्त कूड़ादान का प्रयोग करने तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण, निर्माण और परोसने वाले स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में भूपतवाला क्षेत्र स्थित होटल एवं ढाबों का निरीक्षण किया गया। पांच प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान प्रयोगशाला परीक्षण के लिए पनीर और लाल मिर्च पाउडर सहित दो नमूने लिए गए। सभी संचालकों को प्रतिष्ठान के भीतर खाद्य लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा प्रदर्शन बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा को देखते हुए पूरे जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles