राजपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 25 हजार की इनामी अभियुक्ता गिरफ्तार

राजपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 25 हजार की इनामी अभियुक्ता गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। राजपुर क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित हत्याकांड का दून पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मामले में फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही सुपारी देकर हत्या कराई थी।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2025 को जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित घर में हत्या कर दी गई है। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने पहले घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी।

इसके बाद पुलिस टीम को फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गैर प्रांत भेजा गया। लगातार सुरागरसी के बाद पुलिस ने 23 मई 2026 को सहारनपुर से हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि मृतक अजय भटेजा और उसके भाई अमित भटेजा के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। अमित ने राजन उर्फ जैकी को अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी और बदले में संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था।

योजना के तहत सभी आरोपी 25 मई 2025 को देहरादून पहुंचे और जाखन स्थित घर में रुके। आरोप है कि पहले मृतक को शराब पिलाई गई और फिर प्रॉपर्टी के कागजात मांगने को लेकर विवाद होने पर राजन ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई तथा सीसीटीवी डीवीआर और कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गए।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान हुमेरा उर्फ जोया निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जबकि मामले में अमित भटेजा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत सहित राजपुर थाना एवं एसओजी की टीम शामिल रही।

देवभूमि खबर

Related articles