गोवा के करोड़ों की सेक्सटॉर्शन रैकेट का सरगना दून से गिरफ्तार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

गोवा के करोड़ों की सेक्सटॉर्शन रैकेट का सरगना दून से गिरफ्तार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट चलाने वाले गैंग के फरार सरगना को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और उस पर करोड़ों रुपये की उगाही करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड एसटीएफ को गोवा राज्य के मापुसा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में फरार आरोपी सलमान खान की तलाश थी। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने गैंग के साथ मिलकर खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर मुंबई के एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की उगाही की थी।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी सलमान खान निवासी माजरा, देहरादून को 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित ‘सेक्सटॉर्शन’ गैंग बनाया था। यह गिरोह महिलाओं के माध्यम से अमीर कारोबारियों को अपने जाल में फंसाता था। बाद में अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जाती थी।

गैंग के सदस्य खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर फर्जी पहचान पत्र दिखाते थे और पीड़ितों को बंधक बनाकर मारपीट तथा डराने-धमकाने के जरिए मोटी रकम वसूलते थे।

एसटीएफ के अनुसार इस मामले में पहले ही निवेदिता शर्मा निवासी दिल्ली और भुवन अरोड़ा निवासी हरिद्वार सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सलमान खान घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा देकर बच निकलता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी सहित एसटीएफ के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles