आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा के लिए पिथौरागढ़ में इनर लाइन परमिट सुविधा शुरू

आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा के लिए पिथौरागढ़ में इनर लाइन परमिट सुविधा शुरू
Spread the love

जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में अब मेडिकल परीक्षण के साथ बनेगा इनर लाइन परमिट

पिथौरागढ़। आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों में लगातार बढ़ते उत्साह के बीच जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अब पिथौरागढ़ शहर में भी इनर लाइन परमिट जारी करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।

पूर्व में यात्रियों को इनर लाइन परमिट के लिए धारचूला जाना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में मेडिकल परीक्षण के साथ-साथ इनर लाइन परमिट जारी किए जाने की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। इससे यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिलेगी।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के कमरा नंबर-10 में यह सुविधा विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है। अब यात्री पिथौरागढ़ और धारचूला दोनों स्थानों से आसानी से परमिट प्राप्त कर आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा पर जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 को कुल 1645 इनर लाइन परमिट जारी किए गए, जबकि वर्ष 2026 में मात्र 23 दिनों के भीतर जारी कुल परमिटों की संख्या बढ़कर 18,561 पहुंच चुकी है।

लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या यह दर्शाती है कि आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा देशभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इससे सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles