चारधाम यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

चारधाम यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंटों में लगातार निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट और ओवररेटिंग न हो।

सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार द्वारा व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार एवं कपिल देव की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-58 पर जुर्स कंट्री से कोर कॉलेज रुड़की तक स्थित 11 कैंटीन, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए काला चना और खाद्य तेल के कुल दो नमूने लिए गए। वहीं एक्सपायरी डेट और निर्माण तिथि अंकित न होने के कारण 1 किलो खुली हल्दी पाउडर और 1 किलो खुली लाल मिर्च पाउडर को जब्त किया गया। इसके अलावा नया गांव बहादराबाद स्थित कैंटीन से 4.5 किलो दुर्गंधयुक्त उबले काले चनों को मौके पर नष्ट कराया गया।

अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने, दुर्गंधयुक्त सामग्री का संग्रहण एवं विक्रय करने, खुली डस्टबिन का उपयोग करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर चार खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। गंभीर अनियमितताओं के चलते नेशनल हाईवे-58 स्थित एक कैंटीन के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं दो ढाबा संचालकों को फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न करने पर भी नोटिस जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त 25 मई को विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। सिडकुल रोशनाबाद क्षेत्र में खुले पनीर के दो नमूने लिए गए तथा लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर दो कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। हर की पैड़ी, भूपतवाला, रानीपुर मोड़ और कनखल क्षेत्र में स्थित रेस्टोरेंट एवं ई-कॉमर्स स्टोरों से सरसों तेल और सूजी के नमूने लिए गए। वहीं पुहाना और झबरेड़ा क्षेत्रों में खाद्य तेल और धनिया पाउडर के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान पूरे जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles