टिहरी पुलिस की बड़ी सफलता, 14 वर्षों से लापता युवक को सकुशल परिजनों से मिलाया
टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना चंबा पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा सराहनीय कार्य करते हुए 14 वर्षों से लापता युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ग्वाड निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मी देवी का पुत्र दीपक उनियाल लगभग 14 वर्ष पूर्व लापता हो गया था। परिजनों द्वारा वर्षों तक अपने स्तर से तलाश की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। लगातार प्रयासों से निराश हो चुके परिजन ग्राम प्रधान विजेंद्र सकलानी के साथ थाना चंबा पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और सोशल मीडिया की मदद से गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि दीपक उनियाल पूर्व में एक फेसबुक आईडी का उपयोग करता था, जो लंबे समय से निष्क्रिय थी। इसके बावजूद पुलिस टीम ने उसके पुराने फेसबुक मित्रों और संपर्कों का विश्लेषण जारी रखा। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि दीपक वर्तमान में हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल गुरुग्राम रवाना हुई और सेक्टर-36 क्षेत्र से दीपक उनियाल को सकुशल बरामद कर थाना चंबा लेकर आई। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
14 वर्षों बाद बेटे को सामने देखकर मां लक्ष्मी देवी भावुक हो उठीं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने टिहरी पुलिस और पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
टिहरी पुलिस के इस मानवीय और सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों, व्यापार मंडल और क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।

