समाधान दिवस में डीएम डॉ. आशीष चौहान सख्त, 164 शिकायतों की सुनवाई; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

देहरादून। कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आमजन की 164 शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को तय समयसीमा में जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता, मानसूनी नुकसान और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई। ऋषिकेश निवासी एक महिला ने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने की जानकारी देते हुए सहायता मांगी, जबकि अन्य महिलाओं ने इलाज, बच्चों की शिक्षा और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
बुजुर्ग राजपाल सिंह द्वारा बेटे पर मारपीट और संपत्ति हड़पने के आरोप लगाने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं, अन्य संपत्ति विवाद और अवैध कब्जे की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में ग्राम सिंगनीवाला में बिजली कनेक्शन, मानुवा में खतरनाक विद्युत पोल, सिद्धोवाला और बादामवाला में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, विकासनगर में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई तथा धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के पास सुरक्षा पुस्ता नहीं बनने पर जिलाधिकारी ने बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई और सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा चकराता क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण और ऋषिकेश बाईपास से संबंधित भूमि आवंटन प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

