गंभीर बीमारियों में आयुष्मान राशि 20 लाख करने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील का किया घेराव
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील परिसर में प्रदर्शन और घेराव कर गंभीर बीमारियों में आयुष्मान योजना की धनराशि बढ़ाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार को सौंपा।
मोर्चा ने मांग की कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली 5 लाख रुपये की स्वास्थ्य सहायता को बढ़ाकर 15 से 20 लाख रुपये करे, ताकि कैंसर, किडनी, हार्ट सर्जरी, लिवर ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को राहत मिल सके।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान और पूर्व विधायकों, मंत्रियों एवं उनके परिजनों को आजीवन चिकित्सा सुविधा और चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ मिलता है, जबकि आम जनता के लिए केवल 5 लाख रुपये तक का आयुष्मान कवर निर्धारित है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में यह राशि बेहद कम साबित होती है।
नेगी ने आरोप लगाया कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि केवल अपने हितों के बारे में सोचते हैं, जबकि आमजन की समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों में उपचार का खर्च लाखों रुपये तक पहुंच जाता है, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट में आ जाते हैं। कई लोग कर्ज में डूब जाते हैं और कुछ मामलों में आत्महत्या तक की नौबत आ जाती है।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि गंभीर बीमारियों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान योजना की सीमा बढ़ाकर कम से कम 15 से 20 लाख रुपये की जाए।
प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, के.सी. चंदेल, अमित जैन, अतुल हांडा, महिपाल रावत, नसीम, इस्लाम, आरपी भट्ट, अंकुर वर्मा, सरोज गांधी, गुरचरण सिंह, कुंवर सिंह चौहान, राहुल गोयल, वाहिद कुरैशी, निशा खातून, विनोद जैन, भीम सिंह बिष्ट, मुकेश पसबोला, विपिन भारद्वाज, संजय गुप्ता, विनय गुप्ता, सुशील भारद्वाज, प्रोविर दास, गौरव लोधा, मनीष नेगी, विनय सजवान, अश्वनी कुमार, सोनू, वहीद हसन, खुशनुदा, गुलाब सिंह बिष्ट, जगदीश रावत, विनोद रावत, सलीम खान सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

