जब बर्फबारी बनी चुनौती, तब चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह बने श्रद्धालुओं का सहारा
चमोली।श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बीच घांघरिया पुलिस ने मानवता और सेवा का सराहनीय उदाहरण पेश किया। बर्फ से ढके और फिसलन भरे रास्तों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौकी घांघरिया प्रभारी अमनदीप सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ यात्रा मार्ग पर उतर आए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग पार कराया।
बीती रात से जारी भारी बर्फबारी के कारण पूरा पैदल मार्ग बर्फ से ढक गया था। कई स्थानों पर रास्ता अत्यधिक फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण हो गया, जिससे श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई श्रद्धालु डर के कारण रास्ते में ही रुक गए थे।
स्थिति की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने बिना देर किए मोर्चा संभाला। वह अपनी टीम के साथ कठिन मौसम के बीच यात्रा मार्ग पर पहुंचे और केवल निगरानी तक सीमित न रहकर स्वयं श्रद्धालुओं के बीच जाकर उनकी सहायता की।
फिसलन भरे और खतरनाक स्थानों पर अमनदीप सिंह श्रद्धालुओं का हाथ पकड़कर उन्हें सुरक्षित रास्ता पार कराते रहे। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता के साथ सहयोग दिया गया, ताकि कोई भी यात्री असुरक्षित महसूस न करे।
कड़ाके की ठंड और लगातार गिरती बर्फ के बावजूद घांघरिया पुलिस की टीम घंटों तक यात्रा मार्ग पर डटी रही। पुलिस के इस समर्पित और मानवीय प्रयास से श्रद्धालुओं को न केवल राहत मिली बल्कि उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत हुई।
श्रद्धालुओं ने घांघरिया पुलिस और चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह की जमकर सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में पुलिस ने केवल अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि एक संरक्षक की तरह उनका साथ देकर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की।

