टिहरी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.5 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
टिहरी टिहरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को 6.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस द्वारा 28 मई 2026 को यूनिवर्सिटी तिराहा, चौरास पुल के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 6.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू कार्की (28 वर्ष) निवासी बड़ियारगढ़, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम संगलाकोटी, थाना सतपुली, जनपद पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पॉलीटेक्निक की शिक्षा प्राप्त की है, लेकिन अधिक धन कमाने के लालच में वह नशा तस्करी के कारोबार में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब एक माह पूर्व ही जेल से छूटकर बाहर आया था और पहले भी एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुका है।
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी का नेटवर्क पौड़ी, टिहरी और चमोली जनपद तक फैला हुआ है। वह विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों और युवा वर्ग को निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आरोपी राजू कार्की के खिलाफ श्रीनगर, जोशीमठ, गोपेश्वर और कीर्तिनगर थानों में एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक आशीष सिंह रावत, एएसआई दीपेन्द्र रावत, कांस्टेबल हरीश चन्द्र तथा सीआईयू से कांस्टेबल आशीष नेगी शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने युवाओं और आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

