आयुष विश्वविद्यालयों में अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं, रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश : मदन कौशिक

आयुष विश्वविद्यालयों में अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं, रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश : मदन कौशिक
Spread the love

देहरादून ।आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय हर्रावाला से संबंधित पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुर्वेदिक कॉलेज ऋषिकुल एवं गुरुकुल हरिद्वार में दवाइयों के वितरण की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि मरीजों और छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मदन कौशिक ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक को ध्यान में रखते हुए विभागीय तैयारियों और कार्य योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से तैयार कर पूर्ण किया जाए, जिससे केंद्र स्तर पर होने वाली बैठक में राज्य की योजनाओं और आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि आयुष विश्वविद्यालयों और संस्थानों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विश्वविद्यालयों में तकनीशियन, लाइब्रेरियन एवं अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए अधियाचन भेजने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।

बैठक में सचिव रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे सहित आयुष विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles