करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, मुख्य अभियुक्ता सहारनपुर से गिरफ्तार
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर भू-माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि हड़पने के षड्यंत्र में शामिल मुख्य अभियुक्ता को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्ता ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृत व्यक्ति के नाम पर कूटरचित अधिकार पत्र बनवाया और विवादित भूमि पर स्टे प्राप्त कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, वादी राहुल देव निवासी टर्नर रोड, पटेलनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा स्वर्गीय केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम की थी। वर्ष 2016 में केवल कृष्ण के निधन के बाद वर्ष 2024 में उक्त संपत्ति उनके नाम दर्ज कराई गई। वर्ष 2026 में भूमि अभिलेखों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि बबीता देवी नामक महिला ने वर्ष 2025 में एक कथित अधिकार पत्र के आधार पर भूमि पर आपत्ति दर्ज कराकर स्टे प्राप्त किया है।
जांच में सामने आया कि मृतक केवल कृष्ण के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से मुख्तारनामा तैयार किया गया था। इसी आधार पर भूमि पर अधिकार जताने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से दस्तावेज जुटाए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गठित पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्ता बबीता देवी (52 वर्ष), निवासी ग्राम बीराखेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर को 1 जून 2026 को सहारनपुर के गंगोह रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान बबीता देवी पत्नी टेक सिंह, निवासी ग्राम बीराखेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, महिला उपनिरीक्षक सुधा रावत, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार एवं महिला कांस्टेबल वंदना कण्डियाल शामिल रहे।

