भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिन के अवकाश की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिन के अवकाश की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिन के ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों अत्यधिक गर्मी पड़ रही है, जिसका असर आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों पर भी पड़ रहा है। गर्मी और लू के कारण बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ गई है। संघ का कहना है कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भी बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया जाता है, इसलिए आंगनबाड़ी केंद्रों में भी छोटे बच्चों के हित में अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।

संघ ने अपने ज्ञापन में वर्ष 2017 के शासनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में भी बच्चों के हितों को ध्यान में रखकर ऐसे निर्णय लिए गए थे। संगठन ने मांग की है कि 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिनों का अवकाश घोषित किया जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव, निदेशक महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास तथा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को भी भेजी गई है। संघ ने सरकार से बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।

देवभूमि खबर

Related articles