चारधाम यात्रा मार्ग पर दो हादसे: बछेलीखाल में यात्रियों से भरी बुलेरो ट्रक से टकराई, देवप्रयाग में खाई में गिरी इनोवा

चारधाम यात्रा मार्ग पर दो हादसे: बछेलीखाल में यात्रियों से भरी बुलेरो ट्रक से टकराई, देवप्रयाग में खाई में गिरी इनोवा
Spread the love

टिहरी । चारधाम यात्रा मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार उपलब्ध कराया तथा खोज अभियान चलाया। टिहरी पुलिस ने दोनों घटनाओं में तत्परता दिखाते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की।

पहली घटना बछेलीखाल क्षेत्र में हुई, जहां सोनप्रयाग से चारधाम यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बुलेरो पिकअप (UA07P-6937) इंटर कॉलेज बछेलीखाल के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक (UK14CA-4694) से टकरा गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बछेलीखाल उपनिरीक्षक दीपक लिंगवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में वाहन में सवार 11 यात्रियों में से चार को सामान्य चोटें आईं, जबकि दिल्ली निवासी 17 वर्षीय आरती के कंधे में चोट लगने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी भेजा गया। अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया और सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

वहीं दूसरी और अधिक गंभीर दुर्घटना थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप हुई, जहां एक इनोवा वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर थाना देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग तथा एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों से अतिरिक्त बचाव दल भी मौके पर भेजे गए।

संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक दो पुरुषों और एक महिला का शव बरामद किया गया है, जबकि लगभग 15 वर्षीय एक बालक को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम परिस्थितियों में अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

टिहरी पुलिस ने कहा है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर है। साथ ही आमजन से दुर्घटनाओं से संबंधित किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करने तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी साझा करने की अपील की गई है।

देवभूमि खबर

Related articles