उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात महिला ड्रग माफिया मेहराज देहरादून से गिरफ्तार
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित कुख्यात महिला ड्रग माफिया एवं गैंगस्टर मेहराज को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार अप्रैल 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए विनोद लाल और शुभम नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया था। मामले की विवेचना और पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों आरोपी स्मैक की खरीदारी मेहराज से करते थे। जांच में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी से बचने के लिए मेहराज लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 3 जून 2026 को देहरादून स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मेहराज लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ देहरादून और उत्तरकाशी जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। देहरादून पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान मेहराज पत्नी मुस्तकीम, निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध वर्ष 2017 से लेकर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम एवं अन्य आपराधिक मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह तथा महिला कांस्टेबल कविता जोशी शामिल रहे।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

