सौतेले भाई की हत्या का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 50 हजार का इनामी अमित भटेजा दून पुलिस के हत्थे चढ़ा

सौतेले भाई की हत्या का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 50 हजार का इनामी अमित भटेजा दून पुलिस के हत्थे चढ़ा
Spread the love

देहरादून।  दून पुलिस को एक वर्ष पुराने चर्चित हत्या कांड के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर क्षेत्र में मई 2025 में हुई अजय भटेजा हत्याकांड के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अमित भटेजा को पुलिस ने जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या की सूचना मिलने पर थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले हत्या को अंजाम देने वाले उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर जैकी उर्फ राजन तथा उसकी प्रेमिका जोया उर्फ हुमेरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि अजय भटेजा की हत्या उसके सौतेले भाई अमित भटेजा के कहने पर की गई थी। इसके बाद अमित और हुमेरा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में हुमेरा को भी सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अमित भटेजा ने बताया कि उसके बड़े सौतेले भाई अजय भटेजा के पास देहरादून और मसूरी में करोड़ों रुपये की संपत्तियां थीं, जिनमें उसके पिता का भी पैसा लगा था। संपत्ति में हिस्सा न मिलने से नाराज होकर उसने अजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और एक पुराने आपराधिक मामले में मदद का लालच दिया।

योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने अजय भटेजा के जाखन स्थित घर में तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के अगले दिन अमित मौके पर पहुंचा और वहां से प्रॉपर्टी के कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गया।

पुलिस लगातार अमित की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वह अपने वकील से मिलने जिला न्यायालय आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बैग में कुछ संपत्ति और वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त अमित भटेजा पुत्र स्वर्गीय विनय कुमार, निवासी लेन नंबर-29, सर्किट हाउस रोड, शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 38 वर्ष है। पुलिस जांच में वह अजय भटेजा हत्याकांड का मास्टरमाइंड पाया गया।

अभियुक्त की गिरफ्तारी में थाना राजपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट (थानाध्यक्ष राजपुर), वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत तथा कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles