सोरगढ़ किले की बदहाल व्यवस्थाओं पर डीएम पिथौरागढ़ सख्त, पर्यटन अधिकारी को लगाई फटकार
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को पिथौरागढ़ स्थित सोर गढ़ फोर्ट (लंदन फोर्ट) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में फैली गंदगी, अव्यवस्थित व्यवस्थाएं और पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। खराब साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने, दिशासूचक एवं सूचना संबंधी साइन बोर्ड स्थापित करने तथा पर्यटकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव से ही जिले की सकारात्मक छवि पर्यटकों के बीच बनती है। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
सोरगढ़ किले के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने जिला सूचना कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर नहीं होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नई एवं सुविधाजनक कुर्सियों सहित आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था शीघ्र करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही जिला सूचना कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने और कार्यालयीय कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े सभी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

