उपनल कर्मियों को भी मिले गोल्डन कार्ड की सुविधा, विधायकों तक सीमित न रहे मुफ्त इलाज: रघुनाथ सिंह नेगी
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रदेश के उपनल कर्मियों को गोल्डन कार्ड के माध्यम से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हजारों उपनल कर्मचारी इस सुविधा से वंचित होने के कारण गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक संकट का सामना करने को मजबूर हैं।
नेगी का कहना था कि अल्प वेतन पाने वाले कई उपनल कर्मियों के सामने इलाज के लिए घर और जमीन-जायदाद बेचने जैसी परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं, जबकि वर्तमान और पूर्व विधायकों तथा मंत्रियों एवं उनके परिजनों को आजीवन मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड की सुविधा मिल रही है तो उपनल कर्मियों को इससे बाहर क्यों रखा गया है।
उन्होंने उपनल कर्मियों के नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में लंबे समय से निर्णय लंबित हैं। उनका आरोप था कि जनप्रतिनिधियों को कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
जन संघर्ष मोर्चा ने कहा कि वह जल्द ही उपनल कर्मियों को गोल्डन कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाएगा। इस अवसर पर दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी उपस्थित रहे।

