नेहरू कॉलोनी में नकबजनी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी का लैपटॉप, नकदी और गैस सिलेंडर बरामद
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, गैस सिलेंडर, नकदी और अन्य सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।
मामले के अनुसार 9 जून 2026 को बद्री विशाल एनक्लेव निवासी ललित मोहन बिष्ट ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून को अज्ञात व्यक्तियों ने उनके मकान का ताला तोड़कर नकदी और लैपटॉप चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में नकबजनी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया। जांच के दौरान 9 जून को विशाल मेगा मार्ट जोगीवाला के पीछे चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संदीप मेहर (29 वर्ष) निवासी दौड़वाला, मोथरोवाला और प्रिंस सैनी (27 वर्ष) निवासी कालिका विहार, बंजारावाला के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों देहरादून से फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, एक गैस सिलेंडर, 1200 रुपये नकद, वादी की आईडी तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष कुमार, अपर उपनिरीक्षक मदन सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप, नरेंद्र और विपिन सेमवाल शामिल रहे।

