पिथौरागढ़ जिला पंचायत बोर्ड बैठक में गूंजे जनहित के मुद्दे, डीएम ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

पिथौरागढ़ जिला पंचायत बोर्ड बैठक में गूंजे जनहित के मुद्दे, डीएम ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
Spread the love

पिथौरागढ़। जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की उपस्थिति में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्युत आपूर्ति, वन भूमि से संबंधित अनुमतियां, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य जनहित के मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा। सदस्यों ने कहा कि इन समस्याओं के समय पर समाधान से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक विभाग स्पष्ट समय-सीमा तय कर कार्य करे। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया।

डीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सुझाव और समस्याएं महत्वपूर्ण हैं तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने और जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, डीपीआरओ हरीश आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, कमला चुफाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles