टिहरी पुलिस की बड़ी सफलता, लाखों की धोखाधड़ी के गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है और इनके खिलाफ थाना चंबा में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस लंबे समय से दोनों वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। लगातार सुरागरसी, सूचना संकलन और तकनीकी प्रयासों के आधार पर पुलिस ने 12 जून 2026 को आरोपियों को उनके आवासों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुरेंद्र सिंह नेगी निवासी खेड़ी खुर्द, थाना रायवाला, जनपद देहरादून तथा नरेश रावत निवासी शांतिनगर बनखंडी, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना चंबा में अपराध संख्या 21/2026 के तहत गैंगस्टर एक्ट की धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, उपनिरीक्षक यशवंत खत्री और कांस्टेबल विवेक कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता के विश्वास को कायम रखने के लिए टिहरी पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है।

