156 करोड़ की पुल-सुरंग परियोजना से चारधाम यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड सरकार के कृषि, सैनिक कल्याण एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनपद भ्रमण के प्रथम दिवस पर अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं सुरंग परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 200 मीटर लंबा आधुनिक पुल और 900 मीटर लंबी सुरंग शामिल है, जो भविष्य में केदारनाथ और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्गों को बेहतर संपर्क प्रदान करेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने परियोजना की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और अधिकांश प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुल का वेट ट्रायल 15 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है तथा सभी तकनीकी परीक्षण सफल रहने पर इसे 15 अगस्त 2026 तक यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण यात्रा सीजन में लंबा जाम लग जाता है। पुल और सुरंग के शुरू होने के बाद दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है और यह परियोजना चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है। पुल और सुरंग के संचालन से यात्रा मार्गों पर लगने वाले जाम में उल्लेखनीय कमी आएगी और यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक अनुभव प्राप्त होगा।
प्रभारी मंत्री ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में सड़क, पुल, सुरंग और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा

