तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस की एडवाइजरी, दोपहर 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर जाने से बचें
रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में दर्शन के लिए लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तराखण्ड पुलिस (रुद्रप्रयाग) ने तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालु केवल निर्धारित पंक्ति (लाइन) में लगकर ही दर्शन करें और दर्शन के तुरंत बाद अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएं, ताकि परिसर में अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो और सभी को व्यवस्थित रूप से दर्शन का अवसर मिल सके।
मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर चंद्रशिला ट्रैक को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे के बाद पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी तीर्थयात्री दोपहर 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर जाने का प्रयास न करे। खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए श्रद्धालुओं से पुलिस और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
- पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी के सहयोग से ही यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जा सकता है।

