थत्यूड़ महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल, 29 सितंबर को होगा मतदान

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ निर्वाचन सत्र 2026-27 को लेकर चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी गई है। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुपालन में महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव निर्धारित नियमों एवं विश्वविद्यालय की निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। अधिसूचना जारी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी कर दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुँवर सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार छात्रसंघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तथा कार्यकारिणी सदस्य के पदों के लिए निर्वाचन होगा। सह-सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद छात्राओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को शाम चार बजे निर्वाचन अधिसूचना जारी की गई। 23 सितंबर को प्रातः 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी, जबकि 24 सितंबर को इसी अवधि में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 26 सितंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी, 12:30 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसी दिन शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
28 सितंबर को दोपहर 12 बजे प्रत्याशियों की महाविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक होगी। इसी दिन अपराह्न तीन बजे से मतदान एवं मतगणना से संबंधित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
29 सितंबर को प्रातः आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के पश्चात चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे और निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से चुनाव प्रक्रिया में अनुशासन एवं शांति बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
