उत्तराखंड में वित्त सेवा के तीन अधिकारियों के प्रभार में बदलाव

देहरादून। उत्तराखंड शासन के वित्त विभाग ने वित्त सेवा संवर्ग के तीन अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। वित्त विभाग-6 की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार कार्यरत अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन करते हुए नई तैनाती एवं अतिरिक्त प्रभार निर्धारित किए गए हैं।

आदेश के अनुसार श्री गंगा प्रसाद का मूल प्रभार निदेशक, विभागीय लेखा, उत्तराखंड, देहरादून तथा अतिरिक्त प्रभार अपर सचिव, वित्त विभाग, उत्तराखंड शासन एवं निबंधक, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स, देहरादून था। अब उन्हें निदेशक, विभागीय लेखा के मूल प्रभार से हटाते हुए निबंधक, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स, देहरादून का मूल प्रभार दिया गया है। उनके पास अपर सचिव, वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार यथावत रहेगा।
श्री हर सिंह बोनाल के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। वर्तमान में उनके पास अपर निदेशक, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी, देहरादून का मूल प्रभार था। इसके अतिरिक्त वित्त नियंत्रक, लोक निर्माण विभाग एवं लघु उद्योग, देहरादून तथा मुख्य महाप्रबंधक (वित्त), ब्रिडकुल, देहरादून एवं वित्त नियंत्रक, बीआईयू परियोजना का अतिरिक्त प्रभार था। अब उन्हें निदेशक, पीपीटीओयू सेंटर फॉर ट्रेनिंग एंड रिसर्च इन फाइनेंशियल एडमिनिस्ट्रेशन, देहरादून का मूल प्रभार दिया गया है। अन्य अतिरिक्त प्रभार उनके पास यथावत रहेंगे।
श्री जयपाल सिंह तोमर के प्रभार में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। उन्हें निदेशक, विभागीय लेखा, उत्तराखंड, देहरादून का मूल प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वित्त निदेशक, पेयजल निगम, देहरादून, महाप्रबंधक (वित्त), उत्तराखंड मेट्रो, देहरादून तथा वित्त निदेशक, एसएमसीजी, नमामि गंगे एवं मुख्य महाप्रबंधक (वित्त), उत्तराखंड मेट्रो से संबंधित अतिरिक्त प्रभार भी निर्धारित किए गए हैं।
वित्त विभाग ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उक्त अतिरिक्त प्रभार के लिए अलग से कोई अतिरिक्त वेतन-भत्ता देय नहीं होगा।
