उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड ने 240 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को किया प्रशिक्षित, प्रमाण पत्रों के साथ स्वच्छता और स्वरोजगार का दिया संदेश

देहरादून। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) द्वारा आयोजित Recognition of Prior Learning (RPL) प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 8 जून से शुरू हुए विशेष अभियान में 240 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से प्रमाण पत्र तथा FOSTAC (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त पूनम चंद, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड की अपर निदेशक, जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) सहित कई गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर प्रशिक्षित स्ट्रीट फूड विक्रेताओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक तथा एलआईसी के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और योजना के तहत मिलने वाले ऋण, डिजिटल लेन-देन प्रोत्साहन तथा अन्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। लीड बैंक प्रतिनिधियों ने भी वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
अपर निदेशक पूनम चंद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में अतिथियों ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, साफ-सफाई, ग्राहक सेवा तथा पर्यटकों के प्रति बेहतर व्यवहार के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटक राज्य की संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के माध्यम से भी करते हैं, इसलिए गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता प्रबंधन, ग्राहक सेवा, डिजिटल भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षित स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने इस पहल की सराहना करते हुए उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड, प्रशिक्षण सहयोगी संस्थाओं और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल व्यवसाय की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

