पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार,

ऊधम सिंह नगर ।पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और रिहायशी क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक घर पर पहुंचकर हंगामा करने, परिवार को धमकाने और पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बनाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध पर एक आरोपी पिस्टल मौके पर फेंककर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद कर लिए।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने करीब एक माह पूर्व आत्महत्या की थी। परिजन अपने घर के सामने एसी की दुकान चलाने वाले रमन कक्कड़ को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। 10 जून को इसी विवाद के दौरान रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथियों ने सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया, जबकि उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि आरोपी दोबारा पीड़ित पक्ष को नुकसान पहुंचाने की योजना बना सकते हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं।
15 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पूरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर (उत्तर प्रदेश) के खानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आए आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में 32 वर्षीय रमन कक्कड़ निवासी केसरपुर, थाना रुद्रपुर तथा 26 वर्षीय दीपक कुमार निवासी मजरा झुण्डी सकैनिया, थाना गदरपुर शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से बरामद एक .30 बोर लोडेड पिस्टल और छह जिंदा कारतूस को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

