कोटद्वार पुलिस की मुस्तैदी से लौटी चार लाख रुपये की खोई रकम, फरियादियों के चेहरे पर आई मुस्कान

पौड़ी ।जनपद की कोटद्वार पुलिस ने तत्परता, सूझबूझ और अथक प्रयासों का परिचय देते हुए खोए हुए ₹4 लाख की नकद धनराशि बरामद कर उसके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरियादियों का भरोसा कायम रहा और उनकी चिंता राहत में बदल गई।
मंगलवार को आकिब खान और मोहम्मद जीशान, निवासी लकड़ी पड़ाव, कोटद्वार ने कोतवाली में सूचना दी कि वे ठेकेदारी का कार्य करते हैं और दोपहर में आईडीबीआई बैंक, कोटद्वार से ₹4 लाख नकद निकालकर एक बैग में रखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में कहीं बैग गिर जाने से पूरी धनराशि गुम हो गई।
सूचना मिलते ही कोटद्वार पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने बैंक से लेकर संभावित मार्गों तक पूरे रूट का बारीकी से विश्लेषण किया और बाजार व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज घंटों तक खंगाली। साथ ही पैदल और वाहन के माध्यम से लगातार सर्च अभियान चलाया गया तथा हर संभावित सुराग पर गंभीरता से काम किया गया।
लगातार तकनीकी विश्लेषण, गहन खोजबीन और पुलिस टीम की मेहनत रंग लाई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद खोई हुई पूरी ₹4 लाख की धनराशि सुरक्षित अवस्था में बरामद कर ली गई। इसके बाद दोनों युवकों को कोतवाली बुलाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत पूरी राशि उन्हें सौंप दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिलने पर आकिब खान और मोहम्मद जीशान ने कोटद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी त्वरित एवं प्रभावी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस की इस ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित पहल ने एक बार फिर आमजन के विश्वास को मजबूत करने का काम किया।

