मसूरी के होम स्टे में दिल्ली की महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही गहन जांच

मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होम स्टे में ठहरी 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि टिपरीधार स्थित कियाना होम स्टे के एक कमरे में एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी है, जो अपने पति के साथ वहां ठहरी हुई थी। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस सेवा के फार्मासिस्ट ने प्रारंभिक जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) के रूप में हुई, जो दिल्ली निवासी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश आई थीं और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होम स्टे में ठहरी थीं।
पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और करीब साढ़े तीन बजे सो गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। महिला की नाक से रक्तस्राव हुआ था तथा शरीर से मूत्र भी निकला हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था और दोनों निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे।
घटना की सूचना पर पुलिस ने फील्ड यूनिट और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया। फील्ड यूनिट ने वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया।
16 जून को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। हालांकि मृत्यु के कारणों का वैज्ञानिक रूप से पता लगाने के लिए डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रखा है।
मृतका के पिता पी. सुधाकर ने मृत्यु के कारणों की जांच की मांग करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा। फिलहाल प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

