पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 20 पेटी अवैध शराब और बोलेरो वाहन सहित दो गिरफ्तार
पौड़ी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पैठाणी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर लिया है।
जनपद में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनास तिराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच के दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो (संख्या UK04TA-5834) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 60 बोतल और 360 अद्दे ‘SOULMATE BLACK SPECIAL Whisky’ शामिल हैं। मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों सूरज सिंह नेगी और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना पैठाणी में मु0अ0सं0-08/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सूरज सिंह नेगी (21 वर्ष) निवासी ग्राम कुठ, पोस्ट गडोली, तहसील चाकीसैंण तथा अर्जुन सिंह (31 वर्ष) निवासी ग्राम कुण्डिल, पोस्ट कठूड, तहसील चाकीसैंण, जनपद पौड़ी शामिल हैं।
पुलिस टीम में आरक्षी मुकेश रावत, आरक्षी मोहम्मद अरशद तथा होमगार्ड हर्षपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
