आयुष मंत्री मदन कौशिक से वार्ता के बाद आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सकों की हड़ताल समाप्त, मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख

आयुष मंत्री मदन कौशिक से वार्ता के बाद आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सकों की हड़ताल समाप्त, मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड की विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सरकार ने संघ की कई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद संघ ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।

आयुष मंत्री ने बताया कि संघ द्वारा प्रस्तुत सात प्रमुख मांगों पर विचार किया गया। इनमें से कुछ मांगों को तत्काल स्वीकार किया गया है, जबकि शेष मांगों पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और विस्तृत विचार-विमर्श के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि चिकित्सा संवर्ग के लिए विभागीय अपर निदेशक पद पर पदोन्नति की लंबे समय से चली आ रही मांग पर निर्णय लेते हुए डेढ़ माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। इसके अलावा वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियों (एसीआर) को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए एक माह के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में विभागीय ढांचे के पुनर्गठन तथा पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि संबंधी मांगों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मांगों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मोबाइल ऐप आधारित उपस्थिति और आधार आधारित बायोमैट्रिक व्यवस्था से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

मदन कौशिक ने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख से संतुष्ट होकर राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड ने अपनी हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में सचिव रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड के पदाधिकारी तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles