मुर्गा गाड़ी की आड़ में चरस तस्करी का भंडाफोड़, 2.683 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

मुर्गा गाड़ी की आड़ में चरस तस्करी का भंडाफोड़, 2.683 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

भीमताल। नैनीताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुर्गा सप्लाई की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और अल्टो कार को भी सीज कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जगदीश चन्द्र के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट प्रभारी निरीक्षक पवन स्वरूप के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने भीमताल बाजार स्थित खुटानी बैंड के पास वाहनों की सघन चेकिंग की।

चेकिंग के दौरान लाल रंग की अल्टो कार संख्या UK04G-3379 और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप संख्या UK04CB-3477 को रोका गया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि वाहन चालक अख्तर हुसैन को मौके पर पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी में 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने अख्तर हुसैन (43 वर्ष), निवासी ब्लॉक रोड मल्लीताल, भीमताल तथा विजय सिंह बिष्ट (34 वर्ष), निवासी ग्राम सूपी, थाना मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना भीमताल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी बच्चीराम की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। बरामद चरस के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और अल्टो कार को भी सीज कर दिया गया है।

इस कार्रवाई में भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट के अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles