ओवरटेक को लेकर सड़क पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ की कार्रवाई

Spread the love

श्रीनगर। ओवरटेक करने की जल्दबाजी के चलते सड़क पर दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर श्रीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और छह लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को राकेश राणा निवासी छावनी बाजार, जोशीमठ ने कोतवाली श्रीनगर में सूचना दी कि वह सवारी लेकर हरिद्वार जा रहे थे। यात्रा के दौरान कुछ वाहन चालकों द्वारा उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने को लेकर आपसी विवाद हो गया, जिससे सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने तत्काल संबंधित वाहनों और चालकों को रोककर मामले की जांच की। दोनों पक्षों से पूछताछ और वार्ता के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। जांच में सामने आया कि विवाद का कारण केवल ओवरटेकिंग को लेकर हुई कहासुनी थी।

सड़क पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने संबंधित छह व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की।

कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में लखबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, शूरवीर सिंह और हरेंद्र सिंह निवासी लुधियाना (पंजाब), रोशन कुमार निवासी भोजपुर (बिहार) तथा विजय सिंह निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवारी, हेड कांस्टेबल महेंद्र रावत, हेड कांस्टेबल हरीश लिंगवाल एवं हेड कांस्टेबल तुलसी कोहली की टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि लापरवाही और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यवहार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles