अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऋषिकुल मैदान में होगा भव्य योग शिविर, आयुष मंत्री मदन कौशिक करेंगे शिरकत

हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को हरिद्वार के आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऋषिकुल मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि योग शिविर का आयोजन प्रातः 6 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मदन कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में किरण जैसल उपस्थित रहेंगी।
योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंडाल एवं बैठने की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम हरिद्वार आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
बैठक में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर मजिस्ट्रेट को वीआईपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पार्किंग और यातायात प्रबंधन का दायित्व एसपी सिटी को दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग को योग शिविर में भाग लेने वाली स्कूली छात्राओं के आवागमन के लिए आवश्यक वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लगभग एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को प्रतिभागियों के लिए योगा मैट और जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम के सफल संचालन को सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

