उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नतियों का सिलसिला जारी, दो वर्षों में 1640 कर्मियों को मिला प्रमोशन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों के मनोबल एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 विभागीय पदोन्नतियों के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 580 कार्मिकों को प्रमोशन मिल चुका है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार तथा अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है।
वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान), 2 पुलिस उपाधीक्षक (एम), 26 निरीक्षक, 144 उपनिरीक्षक, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षक तथा 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति प्रक्रिया से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है तथा कार्यक्षमता में भी सकारात्मक वृद्धि होती है।
डीजीपी ने गृह एवं कार्मिक विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करना विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी कार्मिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध पदोन्नति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

