डोईवाला में 7.59 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, 2.20 लाख की अवैध स्मैक बरामद

देहरादून।मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली डोईवाला पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की अवैध स्मैक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के नीचे चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विशाल उर्फ गोपी पुत्र लक्ष्मी चंद निवासी दौड़बसी खत्ता, डोईवाला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.59 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और स्थानीय नशा कारोबारियों से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर अन्य नशेड़ियों को अधिक दामों में बेचने की योजना बना रहा था। इससे होने वाले मुनाफे से वह अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी और माल बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजनारायण व्यास, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल सोविन्द्र कुमार, हरीश उप्रेती और विपिन कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

