एसएसपी नवनीत सिंह ने सैनिक सम्मेलन में सुनी जवानों की समस्याएं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मी सम्मानित

हरिद्वार ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया। सम्मेलन में एसएसपी ने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए जवानों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों का कुशलक्षेम जाना और उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव था, उनका मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इन कर्मियों को विभिन्न जटिल अपराधों के सफल अनावरण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनहित में सराहनीय कार्य करने के लिए “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” पुरस्कार से नवाजा गया।
सम्मानित होने वालों में कोतवाली नगर के हेड कांस्टेबल संदीप कपूर, कनखल की महिला कांस्टेबल राजरानी, श्यामपुर के कांस्टेबल अनिल रावत, ज्वालापुर के कांस्टेबल अमित गौड़ और राजेश बिष्ट, बहादराबाद के हेड कांस्टेबल राकेश नेगी, रानीपुर के अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल सहित विभिन्न थानों, साइबर सेल, सीपीयू, फायर सर्विस, पीएसी और पुलिस दूरसंचार इकाई के कार्मिक शामिल रहे।
एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवान विभाग की प्रेरणा होते हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाना और बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऐसे आयोजनों के माध्यम से जवानों और अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास लगातार जारी है।

