जिला बदर आदेश तोड़ने वाला हिस्ट्रीशीटर टिहरी पुलिस के हत्थे चढ़ा, गिरफ्तार कर भेजा जेल

Spread the love

टिहरी। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली चम्बा पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को कस्बा चम्बा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पीडब्ल्यूडी कार्यालय तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान चन्द्रबीर सिंह नेगी उर्फ बन्टी पुत्र विक्रम सिंह निवासी ग्राम सौंदकोटी, थाना चम्बा, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में बताई।
जांच के दौरान पता चला कि चन्द्रबीर सिंह नेगी के विरुद्ध जिला मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल द्वारा उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। आदेश के तहत उसे जनपद की सीमा से बाहर भेजा गया था, लेकिन वह बिना किसी वैध कारण के पुनः टिहरी जनपद की सीमा के भीतर पाया गया, जो जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली चम्बा में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3/10 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त चन्द्रबीर सिंह नेगी उर्फ बन्टी (30 वर्ष) निवासी ग्राम सौंदकोटी, थाना चम्बा का रहने वाला है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, अपर उपनिरीक्षक राकेश राणा, मुख्य आरक्षी महेश कुमार तथा मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र सिंह की टीम ने अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles