HTML tutorial
HTML tutorial

शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाल कांग्रेस ने जताया विरोध, राहुल गांधी के कोटा संवाद को बताया युवाओं की उम्मीद

शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाल कांग्रेस ने जताया विरोध, राहुल गांधी के कोटा संवाद को बताया युवाओं की उम्मीद
Spread the love

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में नीट पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के संयोजन में आयोजित यह यात्रा यमुना कॉलोनी से शुरू होकर किसननगर चौक तक पहुंची, जहां शिक्षा व्यवस्था का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया गया।

प्रदर्शन के दौरान रितेश छेत्री ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था, जिसका उद्देश्य युवाओं को अवसर और बेहतर भविष्य प्रदान करना था, आज भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बढ़ते आर्थिक बोझ के कारण युवाओं के लिए चिंता और निराशा का कारण बन गई है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाल ही में कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं के साथ किए गए संवाद का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं की समस्याओं और संघर्षों को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज देने का काम किया है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वर्तमान व्यवस्था अवसर देने के बजाय एक ऐसे तंत्र में बदलती जा रही है, जिससे छात्रों और उनके परिवारों पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं बल्कि अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगी कोचिंग, हॉस्टल और निजी शिक्षा संस्थानों के बढ़ते खर्चों ने आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। ऐसे समय में युवाओं को सम्मान, अवसर और भरोसेमंद व्यवस्था की जरूरत है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रदीप जोशी, महामंत्री नवीन जोशी, प्रवक्ता दीप वोहरा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles