कांग्रेस ने शुरू किया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस ने शुरू किया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग
Spread the love

देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देशभर में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, कोचिंग संस्थानों, कॉलेज परिसरों, पुस्तकालयों और युवा समूहों के बीच व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं सेंट्रल इलेक्शन कमेटी सदस्य प्रीतम सिंह ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की विफलताओं ने करोड़ों छात्रों और अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है।

रंजीत रंजन ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट यूजी 2026 सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

प्रीतम सिंह ने कहा कि युवाओं के सामने आज पेपर लीक, भर्ती घोटालों, खाली पदों, महंगी कोचिंग व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल परीक्षा तक सीमित नहीं मानती, बल्कि इसे युवाओं के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा विषय मानती है।

कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखीं हैं। पहली, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और पेपर लीक मामलों में संभावित राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच। दूसरी, परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और एनटीए सहित पूरी प्रक्रिया की समीक्षा। तीसरी, सभी परीक्षाओं और भर्तियों के लिए निर्धारित वार्षिक कैलेंडर लागू कर समयबद्ध परिणाम और नियुक्तियां सुनिश्चित करना।

पार्टी के अनुसार 30 जून से देशभर के 28 शहरों में छात्र संपर्क अभियान, नुक्कड़ सभाएं और पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 1 अगस्त को कलेक्टरेट घेराव तथा 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ अभियान के प्रथम चरण का समापन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान “छात्रों की गूंज” अभियान का पोस्टर भी लॉन्च किया गया। इस अवसर पर नीट परीक्षा के अभ्यर्थी वर्णिता मौर्या और सिद्धार्थ सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles