SOG और चोरगलिया पुलिस ने हथियारों का जखीरा पकड़ा, अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार

SOG और चोरगलिया पुलिस ने हथियारों का जखीरा पकड़ा, अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

नैनीताल।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी और चोरगलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 08 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून 2026 को एमवीआर गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद होने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद, निवासी नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसके पास से 12 बोर के 2 देशी तमंचे, 6 जिंदा कारतूस तथा .315 बोर के 6 देशी तमंचे और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए एसएसपी नैनीताल ने संयुक्त पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

देवभूमि खबर

Related articles