हरिद्वार पुलिस का जाली नोट गिरोह पर बड़ा प्रहार, ₹50 हजार के नकली नोट और प्रिंटिंग सेटअप के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस का जाली नोट गिरोह पर बड़ा प्रहार, ₹50 हजार के नकली नोट और प्रिंटिंग सेटअप के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार ।कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ₹50 हजार के छपे हुए नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को ₹52,500 के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद की गई गहन पूछताछ और विवेचना में इस गिरोह के संचालन से जुड़े अहम सुराग मिले। इसके आधार पर 29 जून को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य नकली नोट छापने के उपकरण और तैयार नकली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बड़ापुर (बिजनौर) की ओर जा रहे हैं। सूचना पर लालढांग तिराहे पर घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऑनलाइन विशेष कागज मंगाकर असली नोटों की फोटो को सॉफ्टवेयर और एप की मदद से संपादित कर उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोट तैयार किए जाते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि इससे पहले भी बिजनौर क्षेत्र में लगभग ₹60 हजार के नकली नोट बाजार में चला चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने अपने गिरोह का विस्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, ₹500 के चार असली नोट तथा 25 शीटों पर छपे करीब ₹50 हजार मूल्य के नकली नोट, जिनकी कटिंग बाकी थी, बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र कुमार (बिजनौर), गुलजार अहमद (बिजनौर) तथा शगुन जोशी (लालढांग, हरिद्वार) के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत, चौकी प्रभारी लालढांग उपनिरीक्षक मोहन कठैत, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल सुदेश खरोला तथा कांस्टेबल सुशील चौहान की प्रमुख भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles