कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पीएमजीएसवाई कार्यों की समीक्षा की, आपदाग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पीएमजीएसवाई कार्यों की समीक्षा की, आपदाग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत खिर्सू, पाबों और थलीसैण विकासखंडों में 23 नए मोटरमार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे दूरस्थ गांवों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी (यूआरआरडीए) एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मोटरमार्गों के निर्माण, डामरीकरण, नई सड़कों के सर्वेक्षण तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।

डॉ. रावत ने अधिकारियों को खिर्सू, पाबों और थलीसैण विकासखंडों में प्रस्तावित 23 महत्वपूर्ण मोटरमार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का व्यापक विस्तार होगा और गांव-गांव तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। बेहतर सड़क नेटवर्क से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबों, खिर्सू और थलीसैण विकासखंडों में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित 25 मोटरमार्ग लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इनमें श्रीनगर-1 खंड की 21 सड़कें, श्रीनगर-2 खंड की एक सड़क तथा सिंचाई खंड बैजरो की तीन सड़कें शामिल हैं। साथ ही शेष निर्माणाधीन मोटरमार्गों और प्रस्तावित नई सड़कों के सर्वेक्षण का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में मुख्य अभियंता उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी एस.के. पाठक, मुख्य अभियंता गढ़वाल मनीष मित्तल, अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई एस.के. बसलियाल, अधिशासी अभियंता पी.आर. चमोली, पी.एस. बिष्ट, अधिशासी अभियंता यूआरडीडीए विजयपाल नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles