कोरोनेशन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर डीएम का सख्त एक्शन, औचक निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां

देहरादून ।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार रात कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान आईसीयू में बंद एसी, अधूरे स्टॉक एवं उपस्थिति रजिस्टर, वार्डों में गंदगी, फटे कंबल, लिफ्ट में पान की पीक, सीसीटीवी की अनुपस्थिति और महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की संयुक्त समिति गठित कर तत्काल जांच रिपोर्ट तलब करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
- निरीक्षण के दौरान पुरुष वार्ड में एक ऐसे मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने की तैयारी पर भी डीएम ने आपत्ति जताई, जिसे अस्पताल में ही उपचार मिल सकता था। वहीं, सर्जरी वार्ड में एक लावारिस मरीज की गंभीर स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल आपात चिकित्सा उपलब्ध कराई। मरीज के आसपास फैली गंदगी और उपेक्षा पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थागत कमियां तत्काल दूर करने, मरीजों को सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने और भविष्य में लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल की सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

